दिल्ली से भी जुड़े हैं सट्टेबाजों के तार, सीधे काल से रहते है संपर्क में
- पुलिस को अनाजमंडी में छापेमारी के दौरान मिली डायरी व रजिस्टर भी सट्टेबाजों का खोलेगी राज
- मोबाइल की भी जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। अनाज मंडी में ऑस्ट्रेलिया व इंग्लैंड के बीच चल रहे एक दिवसीय मैच पर सट्टा लगाते पकड़े गए गिरोह के तार सीधे दिल्ली से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस द्वारा बरामद की गई डायरी, मोबाइल व रजिस्टर भी सट्टेबाजों की पोल खोलने में मदद करेगा। पुलिस ने इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
सोमवार को सिटी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अनाज मंडी स्थित एक मकान में छापेमारी की थी। मौके से अनाज मंडी निवासी राजेश, मोखरा निवासी नीटू, न्यू कॉलोनी निवासी सुरेंद्र, जनता कॉलोनी निवासी मनोज, मोखरा निवासी अमित को गिरफ्तार कर लिया था। मौके से लैपटॉप, मोबाइल, चार्जर व एक डायरी भी बरामद की गई। एक रजिस्टर भी मौके से मिला था। इसके अलावा आरोपियों के पास से करीब 22 हजार नकद बरामद किए गए थे। आरोपी आस्ट्रेलिया व इंग्लैंड के बीच चल रहे एक दिवसीय मैच पर सट्टा लगा रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरोह के तार दिल्ली से जुड़े हुए है। उक्त लोग दिल्ली के लोगों से ही संपर्क कर लोगों से सट्टा लगवाते थे। इसके अलाव बरामद मोबाइल, डायरी व रजिस्टर भी सट्टेबाजी से जुड़े अन्य लोगों का राज खोलेगा। बताया जा रहा है कि सट्टेबाजी से जुड़े अन्य भी कई लोगों के बारे में पुलिस को जानक ारी मिली है। पुलिस ने जल्द गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने का दावा किया है।
अन्य स्थानों पर भी चल रही सट्टेबाजी
सूत्रों के अनुसार सट्टेबाजी का यह खेल अनाज मंडी ही नहीं शहर के अन्य स्थानों पर भी चल रहा है। मगर पुलिस इन पर शिकंजा कसने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने जल्द अन्य पर भी शिकंजा कसने का दावा किया है।