बारात पहुंची तो पता लगा दुल्हन बदल गई
- प्रेमी युगल को जहर खिलाने के मामले में परिवार की दूसरी युवती से कराई शादी
- रोहतक के ही एक गांव में तय की गई थी युवती की शादी, ग्रामीणों के निर्णय के बाद दूसरी जगह हुई लड़के की शादी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
बारात से चंद घंटे पहले प्रेमी युगल को जहरीला पदार्थ खिलाने के मामले में गांव पहुंची बारात को पूरा घटनाक्रम बताया गया। लड़के वाले भी मान गए। इसके बाद परिवार की ही एक लड़की से उसकी शादी संपन्न हुई और दुल्हन को विदा कर दिया गया। उधर पीजीआई में भर्ती युवक व युवती को देखने के लिये ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।
दरअसल, क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी कुछ समय पूर्व ही परिजनों ने पास के ही गांव निवासी युवक के साथ तय की थी। शनिवार को बारात आनी थी। बारात को लेकर लड़की पक्ष लोग सुबह से ही तैयारियों में लगे हुये थे। बताया गया कि बारात आने से करीब चार घंटा पहले ही युवती व उसके प्रेमी की जहरीले पदार्थ के कारण हालत बिगड़ गई। शादी की खुशियां गम में बदल गई। दोनों को पीजीआई भर्ती कराया गया। हालांकि युवक पक्ष की शिकायत पर युवती पक्ष के 9 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई थी।
इस मामले को लेकर गांव में ग्रामीणों के बीच बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से आने वाले दूल्हा की शादी युवती के परिवार की एक अन्य युवती से कराने का निर्णय लिया गया। दोपहर बाद बारात गांव में पहुंची। गांव में पहुंचने पर बारात का स्वागत किया गया। बाद में ग्रामीणों ने पूरे मामले की जानकारी लड़के के परिजनों को दी तथा दूसरी युवती से शादी करने की अपील की। जिसे लड़के पक्ष ने स्वीकार कर लिया। शादी के बाद दुल्हन को विदा कर दिया गया।
युवक बोला-मिलने बुलाया था
मैं 12वीं पास हूं। पिछले चार साल से गांव की युवती से प्रेम करता हूं। अक्सर हम फोन पर बात करते थे। बीती 16 फरवरी की रात में भी मोबाइल पर कई बार दोनों ने बातचीत की। 17 फरवरी की सुबह उसका फोन आया और उसने मुझे बंद मकान में बुलाया। जहां पर वह एक कमरे में चले गये। इसी बीच युवती का भाई मनोज आया तथा मेरे सिर में कस्सी मारी जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने मुझे पकड़ लिया। डंडों से भी मेरी पिटाई की गई। इसके बाद जबरदस्ती जहरीली दवाई खिला दी। दवा खिलाने के बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया।
प्राइवेट कंपनी में आज करनी थी ज्वाइनिंग
युवक के परिजनों ने बताया कि युवक की एक सप्ताह पूर्व ही रोहतक की एक प्राइवेट कंपनी मेें नौकरी लगी थी। शनिवार को ही उसे ज्वाइनिंग करनी थी। मगर युवती के परिजनों द्वारा पिटाई करने तथा जबरदस्ती उसे जहरीला पदार्थ खिलाने के कारण वह ज्वाइनिंग नहीं कर सका।
100 मीटर की दूरी पर है दोनों के घर
युवक के परिजनों ने बताया कि युवक का घर युवती के घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर है। युवती बीए की छात्र बताई गई है।
नहीं दर्ज हो सके युवती के बयान
मामले की सूचना पाते ही सदर थाना इंचार्ज मंजीत सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पीड़ित युवक के काफी देर तक बयान दर्ज किये। हालांकि युवती की हालत अधिक खराब होने के कारण उसके बयान दर्ज नहीं किये जा सके थे।