रोहतक। सावधान! विदेशी मुद्रा दिखाकर अंग्रेजी में बात कर सामान खरीदने के लिए यदि कोई आपके पास आ रहा है तो वह ईरानी ठगी करने वाले गिरोह का गुर्गा हो सकता है। रविवार को व्यापारियों ने एक ईरानी व्यक्ति को ठगी के प्रयास में पकड़ कर पुलिस को सौंपा था। सोमवार को पुलिस की पूछताछ में ईरानी के रहने वाले गिरोह के गुर्ग ने कई अहम खुलासे किए। उसने बताया कि गिरोह के गुर्गे टूरिस्ट वीजे पर भारत आते हैं। हरियाणा के अलावा दिल्ली, यूपी, राजस्थान में करीब 20 से अधिक वारदात कर चुके हैं। उनके निशाने पर व्यापारी वर्ग ही रहता है। वे विदेशी करेंसी के बहाने भारतीय मुद्रा दिखाने को कहकर ठगी का शिकार बनाते हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, दूसरे दिन भी आईबी और खुफिया विभाग ने आरोपी व्यक्ति से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार बहु जमालपुर गांव में व्यापारी अमन की दुकान से ईरान के चार व्यक्ति सीमेंट और सरिया खरीदने के लिए पहुुंचे थे। चारों अंग्रेजी में व्यापारी से बात कर रहे थे। एक व्यक्ति ने विदेशी करेंसी दिखाई, जिसे व्यापारी ने लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद चारों ने व्यापारी से भारतीय मुद्रा दिखाने को कहा। इस पर व्यापारी ने कुछ दिन पहले ऐसी ही ठगी की सीसीटीवी की वायरल वीडियो को देख शक के आधार पर पास-पड़ोस के अन्य व्यापारियों को बुला लिया। इसके बाद उन्होंने एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि उसके तीन साथी भागने में कामयाब रहे। इसके बाद उसकी धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया था।
दिल्ली से कार किराये पर लेकर करते हैं वारदात
पुलिस सूत्रों के अनुसार पिछले करीब एक साल से ईरान का यह गिरोह हरियाणा के रोहतक, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, भिवानी, कैथल के अलावा दिल्ली के राजीव चौक, सरोजनी नगर, वेस्ट यूपी के मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, नोएडा, गाजियाबाद में भी वारदात कर चुका है। गिरोह के गुर्गों का ठिकाना दिल्ली ही रहता है। दिल्ली से ही किराये पर कार लेने के बाद वारदात को अंजाम देते हैं और इसके बाद दिल्ली में किराये पर लिए मकान में शरण लेते हैं।
रोहतक में दस से अधिक वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकारी
ईरानी व्यक्ति ने पुलिस की पूछताछ में जिले में भी दस से अधिक वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उधर, कार्यवाहक एसपी डा. अंशु सिंगला का कहना है कि सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि पूर्व में हुई ठगी के मामलों को निकलवाकर जांच कराई जाए। यदि उक्त वारदात में भी आरोपी शामिल रहे हैं तो उसकी भी जांच पड़ताल की जाए।
लग्जरी गाड़ी, ब्रांडेड कपड़ों के चलते कोई भी नहीं कर पाता शक
गिरोह के गुर्गों की खास बात यह है कि लग्जरी गाड़ियों के अलावा ब्रांडेड कपड़े पहनते हैं। यही कारण है कि कोई भी इन पर शक नहीं कर पाता है। दिल्ली से ही गिरोह के सदस्य कपड़े और जूते खरीदते हैं।
मकान मालिक को भी देते हैं दोगुने रुपये, चिह्ति
ईरानी गिरोह दिल्ली में किराए पर मकान लेकर रहता है। पता चला है कि गिरोह के सदस्य मकान मालिक को दोगुने रुपये देते हैं। पुलिस गिरोह के सदस्यों को मकान देने वाले मालिकों का भी ब्योरा तैयार कराने में जुटी है।
वर्जन :
ईरानी ठगी करने वाले आरोपी ने कई वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उसके साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सोहनपाल सिंह खटाना, इंस्पेक्टर, थाना सदर