यूपी और नेपाल से हथियारों की खरीदारी करता है क्रांति गैंग
-पुलिस के हाथ लगी अहम जानकारी, गिरोह के सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही पुलिस
यूपी के मेरठ और बागपत से भी की थी खरीदारी
महबूब अली
रोहतक।
दिल्ली में स्पेशल सेल द्वारा मारे गए क्रांति गैंग के संबंध में पुलिस को प्रतिदिन अहम जानकारियां हाथ लग रहीं हैं। पुलिस को पता चला है कि गिरोह नेपाल क्षेत्र के अलावा यूपी से भी हथियारों की खरीदारी करता था। पुलिस के राडार पर अब हथियारों को बेचने वाले लोग भी आ गए हैं। कई का ब्योरा तैयार कराया गया है।
दिल्ली की स्पेशल सेल ने हरियाणा के क्रांति गैंग के सरगना राजेश भारती, संजीत बिदरो, दिल्ली के उमेश समेत चार बदमाशों को एनकाउंटर में मार गिराया था, जबकि बदमाश कपिल घायल हो गया था, जिसका दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। बदमाशों की गोली लगने से छह पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे। गिरोह के संबंध में पुलिस के हाथ अहम जानकारी लगी है। सूत्रों के अनुसार क्रांति गैंग के सदस्य नेपाल, हरिद्वार के अलावा यूपी के मेरठ, बागपत से भी हथियारों की खरीदारी करते थे। जिसका प्रमुख कारण यह था कि उन्हें यूपी में भी कम रेट पर हथियार उपलब्ध हो जाते थे। पुलिस ने हथियार बेचने वालों का ब्योरा भी तैयार करना शुरू कर दिया है। यूपी व नेपाल क्षेत्र के ऐसे लोगों के खिलाफ भी संबंधित थाना पुलिस की सहायता से शिकंजा कसा जाएगा। उधर, फरार चल रहे गिरोह के सदस्यों की तलाश में दिल्ली व रोहतक पुलिस ने रविवार को भी कई स्थानों पर दबिश डाली, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी। हालांकि चर्चा रही कि पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को हिरासत में लिया है। हालांकि किसी ने भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
राष्ट्रपति और पीएम का दरवाजा खटखटाएंगे संजीत बिदरो के परिजन
रोहतक। संजीत बिदरो के परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या की गई है। स्पेशल सेल ने फर्जी एनकाउंटर दिखाया है। परिजनों ने दो दिन के अंदर पीएम और राष्ट्रपति का दरवाजा खटखटाने की बात कही है। परिजनों का कहना है कि सीबीआई जांच होने पर ही मामले की निष्पक्ष जांच हो सकेगी।