अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
रेलवे स्टेशन से अपहृत तीन वर्षीय मासूम कपिल की बरामदगी एवं स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग को लेकर जन संघर्ष कमेटी रेवाड़ी के तत्वावधान में राव तुलाराम पार्क में सोमवार को बैठक हुई। बैठकी की अध्यक्षता जन संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष प्रो. अनिरुद्ध यादव ने की। इस दौरान रेलमंत्री एवं स्टेशन अधीक्षक के नाम दिए ज्ञापन में बताया कि रेवाड़ी स्टेशन मासूम बच्चों के अपहरण का केंद्र बनता जा रहा है। साल 2013 में भी यहां से पारुल एवं दिव्या नामक दो मासूम बच्चियों का अपहरण किया गया। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कोई कारगर कदम रेलवे प्रशासन ने नहीं उठाए। वहीं सीसीटीवी कैमरे खराब होना जांच का विषय है। ज्ञापन में मांग की गई कि अपहृत कपिल को जल्द से जल्द बरामद किया जाए। जनसंघर्ष कमेटी के प्रवक्ता राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने बताया कि यदि पांच अगस्त तक कपिल की बरामदगी नहीं हुई तो 6 अगस्त को बैठक कर आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी। इस अवसर पर कंवर सिंह, बलराम, दरिया सिंह, रामकुमार, सुनील, अमर सिंह, योगेश्वर ने हिस्सा लिया।