मौसेरा भाई बनकर स्कूल से नाबालिग का अपहरण, दो घंटे तक शहर में घुमाते रहे आरोपी, छेड़छाड़
- सैनीवास के एक स्कूल की घटना, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
शनि शर्मा
रोहतक।
चार युवकों ने मौसेरा भाई बनकर नाबालिग छात्रा को स्कूल से बुला लिया। वे उसे कार में डाल कर ले गए और दो घंटे तक उसे शहर में घुमाते रहे। इस दौरान उन्होंने छात्रा से छेड़छाड़ की। इसके बाद आरोपियों ने उसको जींद चौक पर छोड़ दिया। इस मामले में गोकर्ण चौकी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में शौरा कोठी निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी 15 साल की भतीजी सैनीवास के एक स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ाई करती है। लड़की सोमवार सुबह स्कूल में गई थी। सुबह दस बजे जब उसकी मां खाना लेकर स्कूल पहुंची तो यहां से लड़की गायब मिली। शिक्षक ने उसकी मां को बताया कि उनकी बेटी घर चली गई। इस पर महिला ने कहा कि उन्होंने लड़की को घर ही नहीं बुलाया। तब शिक्षक ने बताया कि एक युवक स्कू ल में आया था। उसने खुद को छात्रा की मौसी का बेटा बताया और घर पर जरूरी काम होने की बात कहने के बाद छात्रा को स्कूल से ले गया। यह सुनते ही महिला के पैरों तले से जमीन खिसक गई। महिला ने तभी पूरे मामले की जानकारी अपने देवर को दी। फिर मामले की शिकायत करने गोकर्ण पुलिस चौकी पहुंची। फिर पुलिस और परिजनों ने लड़की की तलाश शुरू कर दी। करीब दो घंटे बार बारह बजे लड़की जींद चौक से बरामद हुई। फिर उसे घर लाकर पुलिस और परिजनों ने पूछताछ की तो अपहरण के मामले का खुलासा हुआ। फिर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण, पोक्सो एक्ट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
स्कूल से बाहर निकलते ही कार में बैठाया
घर पहुंचने पर पीड़िता ने खुलासा किया कि कुछ दिन से उनके घर के मोबाइल नंबर पर अज्ञात युवकों के फोन आ रहे थे। वे फोन उठा लेती तो वह उससे बात करते और बात करने की मना करने पर वह उसको धमकी देते थे कि उसके भाई और मां की हत्या कर देंगे। डर के कारण उसने परिजनों को कुछ नहीं बताया। विनोद नाम के आरोपी ने रविवार रात को उसके पास कॉल करके कहा कि वह सोमवार को उसके स्कूल में आएगा। स्कूल में एक लड़के को उसकी मौसी का बेटा बनाकर भेजेगा। उस लड़के के साथ बाहर आ जाना। इस पर वह डर गई। उसने इस बारे में भी उसने परिजनों को नहीं बताया। सुबह होने पर एक युवक स्कूल के अंदर आया और उसने खुद को उसकी मौसी का बेटा बताकर उसे घर ले जाने की बात कही। डर के कारण वह उसके साथ स्कूल से बाहर आई। जैसे ही वह स्कूल से बाहर आई तो यहां एक कार खड़ी थी। उसमें विनोद सहित तीन युवक बैठे थे। चारो आरोपियों ने उसका मुंह दबोचकर उसे कार में बैठा लिया। फिर उसे स्कूल के सामने से ही लेकर फरार हो गये।
कभी जींद तो कभी हिसार चौक घुमाते रहे पीड़िता को
इसके बाद कार में बैठे विनोद और एक अन्य आरोपी ने नाबालिग के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। नाबालिग का आरोप है कि वह उसे कार में बैठाकर अश्लील हरकत कर रहे थे। आरोपी कभी उसे हिसार बाईपास लेकर जाते तो कभी जींद चौक पर। दो घंटे तक आरोपी नाबालिग को कार में लेकर शहर में घूमते रहे। जब उन्हें पता चला कि मामला पुलिस तक पहुंच गया तो नाबालिग को जींद चौक पर छोड़कर फरार हो गये। परिजनों ने नाबालिग की मानसिक स्थिति ठीक करने के लिए मंगलवार को उसकी काउंसिलिंग करवाई।
स्कूल प्रशासन से बोली मां - क्यों जाने दिया मेरी बेटी को
चार बेटियों सहित पांच बच्चों की परवरिश का जिम्मा अकेले संभाल रही पीड़िता की मां स्कूल प्रशासन से भिड़ गई। महिला का कहना है कि उन्होंने स्कूल में घर का मोबाइल नंबर मुहैया करवा रखा है। ताकि कोई अनहोनी पर परिजनों को सूचना मिल सके। इसके बावजूद स्कूल प्रशासन ने स्कूल में आने वाले युवक की बात पर भरोसा किया। एक बार भी महिला के मोबाइल नंबर पर कॉल करके सूचना देने की जहमत नहीं उठाई। स्कूल आने वाले लड़के ने स्कूल प्रशासन को चकमा देकर कार में बैठे आरोपी को ही नाबालिग का परिजन बताकर बात करवाई। फिर लड़की उनके साथ चली गई। महिला के पति की दो साल पहले मौत हो गई थी।
नाबालिग का नंबर मुहैया कराने वाले सहित पांच आरोपी दबोचे
लड़की को बरामद करने के बाद पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल नंबर के आधार पर उनकी लोकेशन का पता लगाया। फिर छापेमारी करके जींद के दौहड़ी गांव से विनोद, नवीन व दो अन्य आरोपियों को दबोचा। फिर विनोद से पूछताछ की तो उसने पहले बताया कि उसे फेसबुक से लड़की का मोबाइल नंबर मिला था। जबकि लड़की के घर में साधारण मोबाइल था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पर दबाव डालकर पूछताछ की तो उसे विक्की नाम के युवक ने लड़की का मोबाइल नंबर दिया था। इसके बाद पुलिस ने विक्की नाम के आरोपी को भी दबोच लिया।
तलाशी के दौरान एक आरोपी की जेब से मिला जहरीला पदार्थ
जब पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करके चौकी में लेकर आई तो यहां पर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी विनोद की जेब से जहरीले पदार्थ की एक पुड़िया मिली। पीड़िता के चाचा ने बताया कि पुलिस ने उससे जहरीला पदार्थ लाने का कारण पूछा तो आरोपी ने कहा कि वह लड़की को डराने के लिए इसे लेकर आया था। पुलिस ने उससे जहरीला पदार्थ बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एक आरोपी ने बताया कि वह लड़की को एक होटल में भी लेकर गये थे।
वर्जन
नाबालिग के अपहरण व छेड़छाड़ के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चारों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
- एएसआई हरपाल सिंह, चौकी इंचार्ज सुखपुरा