अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
कुंड मंडी के पास ट्यूबवेल पर रह रहे एक बुजुर्ग के साथ दो लोगों ने मारपीट कर नकदी छीन ली। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मनेठी गांव निवासी हरचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात को अपने ट्यूबवेल पर सो रहा था। इस दौरान गांव के ही राजकुमार उर्फ पप्पू और कृपाल उर्फ कालिया उसके खेत में पहुंचे। दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसकी जेब में रखे एक हजार रुपये भी छीन लिए। हरचंद के शोर मचाने पर दोनों उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। कुंड चौकी पुलिस ने हरचंद की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मारपीट और नकदी छीनने का मामला दर्ज कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया।