अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
बावल क्षेत्र के गांव शाहपुर में युवक पर जानलेवा हमला करने की वारदात में शामिल एक आरोपी को बावल थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शाहपुर निवासी अमित के रूप में हुई है। आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि रविवार रात शाहपुर निवासी विनोद कुमार घर के बाहर ही टहल रहा था, इस दौरान आरोपी अमित ने विनोद पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन एवं अन्य ग्रामीण पहुंच गए। विनोद के परिजनों ने अमित सहित तीन लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच से यह भी सामने आया है कि आरोपी अमित का विनोद के साथ पहले से ही जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इस रंजिश के कारण ही इस वारदात को अंजाम दिया है।