अमर उजाला ब्यूरो
कोसली।
कोसली में शराब ठेका हटाने के लिए चल रहा महिलाओं का अनशन विधायक बिक्रम सिंह यादव ने जूस पिलाकर तुड़वाया। शनिवार को अनशन के चौथे दिन विधायक ने ग्रामीणों को शराब का ठेका दस दिन में शिफ्ट कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही पंचायत ने आगे से कोसली गांव की सीमा में शराब का ठेका नहीं खोले जाने का भी निर्णय लिया। ज्ञात रहे कि कोसली में पिछले 13 दिन से एक बस्ती के पास रखा शराब ठेके के विरोध में महिलाओं का संघर्ष चल रहा था। शनिवार को विधायक बिक्रम सिंह यादव अनशन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रपति चुनाव के कारण बाहर होने से यहां नहीं पहुंच सके, जिसके कारण अनशन जैसा कड़ा निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस बस्ती के समीप खोला शराब का ठेका 10, 12 दिन में शिफ्ट करवा दिया जाएगा। इसके बाद कोसली के पंचायत घर में सरपंच बलवान सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में कोसली में आगे से पंचायत गांव में शराब ठेका खोलने की अनुमति नहीं देगी। साथ ही सरपंच ने गांव में बिकने वाली अवैध शराब को रोकने के लिए कमेटी बनाने का भी सुझाव दिया। इसके लिए बनाई 21 सदस्यों की कमेटी की अध्यक्ष रेखा देवी को बनाया गया है। बैठक में पतंजलि योग समिति के तहसील प्रभारी दयानंद आर्य, पूर्व सरपंच देवेंद्र, अनिल आर्य आदि मौजूद थे।