रोडवेज बस ने युवक को कुचला, मौत
-बोहर गांव के बस स्टैंड पर सामान की खरीदारी करने आया था युवक
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, दूसरी बस से रवाना हुए यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। रोहतक-सोनीपत हाईवे पर स्थित बोहर गांव में सोमवार को रोडवेज बस ने सड़क क्रॉस कर रहे युवक को टक्कर मार दी, जिससे युवक घायल हो गया। युवक को पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे से गुस्साए लोगों ने हंगामा किया। चालक हादसे के बाद बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
बोहर निवासी संदीप सोमवार सुबह बस स्टैंड पर कुछ सामान खरीदने के लिए गया था। जैसे ही वह वापस लौटने के लिए सड़क क्रॉस करने लगा तो सोनीपत की ओर से तेज गति से आ रही बस ने जोरदार टक्क र मार दी, जिससे संदीप घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए यात्रियों ने हंगामा किया। यात्रियों को दूसरी बस में बैठकर जाने को मजबूर होना पड़ा। घायल को पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।