रोहतक। सीआईए-1 के कार्यालय से महज 48 कदम की दूरी पर बिजली निगम के दो कैशियरों से दोपहर करीब ढाई बजे चार बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर साढ़े तीन लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। लूट का विरोध करने पर एक कर्मचारी से मारपीट भी की। वारदात के बाद बाइक की क्लच टूटने पर वे पैदल ही फरार हो गए। यह सारी वारदात सब डिविजन-टू कार्यलय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की बाइक को कब्जे में लिया। जांच में सामने आया कि बाइक पर लगी नंबर प्लेट फर्जी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हैरान करने वाली बात यह कि रोज कर्मचारी वाहन से बैंक जाते थे, लेकिन शुक्रवार को पहली बार पैदल ही बैंक जा रहे थे।
पुरानी आईटीआई के पास स्थित बिजली सब डिविजन कार्यालय 2 के एसडीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे विभाग के कैशियर राजेश और गौरव बिल के साढ़े तीन लाख रुपये बैग में लेकर करीब 600 मीटर दूरी एसबीआई में जमा कराने के लिए पैदल ही निकले थे। गौरव ने बताया कि कार्यालय से बाहर निकले तो पहले से ही घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। पिस्तौल के बल पर उससे और राजेश से रुपयों से भरा बैग ले लिया, विरोध करने पर मारपीट की। यह सारी घटना मात्र 10 सेकेंड में हुई। लूट के बाद आरोपी फरार होने लगे तो क्लच टूटने से बाइक स्टार्ट नहीं हुई। इसके बाद बदमाश पैदल ही भाग गए। मामले की सूचना मिलते ही आर्य नगर थाना पुलिस के साथ डीएसपी मौके पर पहुंचे। इस दौरान कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में सारी वारदात कैद हो गई। वहीं पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बरामद बाइक पर थी फर्जी नंबर प्लेट
पुलिस सूत्रों के अनुसार मौके से बरामद बाइक को जब्त कर लिया गया है। जांच में सामने आया कि बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस ने दो कर्मचारियों के साथ अन्य दो से पूछताछ की है।
----------------
पुलिस के अलावा सीआईए को भी लूट के मामले की जांच सौंपी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी