रोहतक। दिल्ली पुलिस की मुठभेड़ में शुक्रवार को घायल हुए रोहतक के सांपला क्षेत्र के बदमाश अंकित को पकड़ लिया गया है। अस्पताल में भर्ती घायल अंकित ने पुलिस को बयान दिया कि 12 अप्रैल को रोहतक के पेट्रोल पंपों पर हुई वारदात में उसका साथी चीता शामिल था। हालांकि चीता मुठभेड़ के दौरान भागने में सफल रहा। अब जल्द ही रोहतक पुलिस अंकित को कोर्ट के आदेश पर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेंगी। बता दें कि अंकित पर हरियाणा, दिल्ली समेत कई जगहों पर लूट के केस दर्ज हैं।
याद रहे कि एक दिन पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुठभेड़ के बाद द्वारका मोड शूट आउट में शामिल बदमाश रोहतक के सांपला क्षेत्र के रहने वाले अंकित डबास को पकड़ने में सफलता प्राप्त की थी। घायल अंकित को उपचार के लिए पूंठ खुर्द स्थित महर्षि वाल्मीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। मुठभेड़ में बदमाशों की गोली से दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर भी घायल हो गए थे। पुलिस ने बदमाशों के पास से पिस्तौल, बुलेट और बाइक बरामद की थी।
सूत्रों के अनुसार दिल्ली पुलिस की मुठभेड़ के दौरान फरार हुआ चीता रोहतक के चांदी, जसिया के पेट्रोल पंप पर हुई लूट की वारदात में भी शामिल था। हरियाणा और दिल्ली के छह से अधिक बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। दिल्ली के साथ रोहतक पुलिस भी चीता की तलाश में दबिश दे रही थी मगर सफलता हाथ नहीं लग पा रही थी।
पेट्रोल पंप लूट में दो को गिरफ्तार कर चुकी पुलिस
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि एक ही रात में तीन पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात में शामिल रहे टिटौली के मनोज और मैनपाल को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरोह के फरार चल रहे गुर्गों को दबोच लिया जाएगा