अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
कोसली क्षेत्र के गांव बिसोहा निवासी एक महिला ने पति सहित ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। शिकायत में महिला ने कहा है कि कोसली निवासी एवं वर्तमान में राजस्थान के कोटा में रह रहे राहुल ने एक मैट्रोमोनियल साइट पर उसकी प्रोफाइल स्वीकार की थी। जब उसके पिता ने बात की तो राहुल ने अपने को एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताते हुए साठ हजार रुपये मासिक मिलने की बात कही थी। उस राहुल और उसकी मां शकुंतला ने दहेज रहित शादी की बात कही थी, इसके बाद साल 2016 में उसका विवाह हुआ। महिला ने बताया कि विदाई के समय ससुराल वालों ने पांच लाख रुपये की मांग की, किसी तरह यह राशि उन्हें दी गई। इससे पूर्व उसके पिता अपनी ओर से उन्हें 10 लाख रुपये कार के लिए नकद दे चुके थे, इसके अतिरिक्त 12 लाख रुपये का सामान और गहने आदि भी दे चुके थे। महिला ने बताया कि वह जब कोटा पहुंची तो उसे नए मकान की बजाय एक छोटे से मकान में ठहराया गया। दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया। उसके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।