रोहतक। पीजीआई परिसर में सोमवार को मरीजों व उनके परिजनों ने ब्लेड लगाकर थैली व पॉलिथीन काटने वाली एक महिला को पकड़ लिया गया। लोगों ने उसके पास से कई पांच पर्स बरामद किए। इनमें 2330 रुपये थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया। यहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। यही महिला पहले बस स्टैंड चौकी इलाके में लोगों की जेब तराशते पकड़ी जा चुकी है।
पुलिस को दी शिकायत में भिवानी निवासी माधुरी ने कहा है कि वह अपनी सास को पीजीआई में इलाज के लिए लाई थी। यहां दवा लेने ओपीडी के काउंटर पर लाइन में खड़ी थी। कतार में ही एक महिला ने मेरे हाथ में लटकी पॉलिथिन काट कर मेरा पर्स निकाल लिया। वहां लोगों से पर्स के बारे में पूछताछ के दौरान सोनीपत के मुकिन की सविता व मकड़ौली कला की सुनीता ने भी पर्स चोरी होने की बात कही। इस दौरान एक अधेड़ उम्र की महिला वहां से भागती नजर आई। इस पर शोर मचाकर सिक्योरिटी गार्ड की मदद से उस महिला को पकड़ा और उसका बैग चेक किया। बैग में तीनों पर्स मिल गए। बैग में दो पर्स और थे। कुछ रुपये भी मिले। माधुरी के पर्स में 380 रुपये, सविता के पर्स में 1200 व सुनीता के पर्स में 750 रुपये मिले। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान हिसार रोड निवासी दर्शना बताई। पीजीआई थाना प्रभारी देवेंद्र मान ने बताया कि पुलिस ने महिला के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। यहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।
कागज में ब्लेड छुपाकर काटी पॉलिथिन
ओपीडी में महिलाओं के पर्स चुराने वाली आरोपी महिला ने ब्लेड से उनकी पॉलिथिन काटी। इसके लिए ब्लेड को कागज में लपेट कर छिपाया गया। वह महिला के पास जाकर उनकी पॉलिथिन पर कागज घुमाती थी। कागज में छिपी ब्लेड का उभरा हुआ हिस्सा पॉलिथिन काट देता। कुछ देर बाद पॉलिथिन से सामान व पर्स गिर जाता। इसे आरोपी महिला उठा कर ले जाती।