अमर उजाला ब्यूरो
कोसली।
कोसली में शराब ठेका हटाने के लिए चल रहा महिलाओं का अनशन शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान अनशनकारी दो महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद अस्पताल से पहुंचे डॉक्टरों ने उन्हें दवा दी। ठेका हटाओ संघर्ष समिति की प्रधान रेखा देवी ने बताया कि आठ दिन तक शांतिपूर्ण धरना देने तथा जिला उपायुक्त को ज्ञापन देने के बावजूद भी शराब ठेका बस्ती से नही हटाया गया। जिससे परेशान महिलाओं ने बुधवार से अनशन शुरू किया था जो ठेका हटने तक जारी रहेगा। इससे पूर्व अनशन पर बैठी गायत्री और सुशीला की तबीयत खराब होने पर कोसली अस्पताल से डॉक्टरों की टीम अनशन स्थल पर पहुंची। यहां हालत अधिक खराब होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। रात को उपचार कराने के बाद दोनों महिलाएं फिर से धरनास्थल पर आ गईं।