जेसीबी के नीचे आने से मजदूर की मौत
बिलासपुर। घाड क्षेत्र के गांव भटुवाला के समीप माइनिंग जोन में शिवम सक्रनिंग प्लांट में मंगलवार की देर रात्रि जेसीबी मशीन के नीचे दबने से 41 वर्षीय की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही रणजीतपुर पुलिस चौंकी प्रभारी जसबीर सिंह मौके पर पहुंचे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भटुवाला निवासी सुरेश पुत्र रामकिशन मेहनत मजदूरी का कार्य करता है व शिवम सक्रनिंग प्लांट पर देखरेख का कार्य भी करता था। मंगलवार की देर रात्रि वह काम से अपने घर जेसीबी मशीन पर बैठकर लौट रहा था। अचानक मशीन की खिड़की खुल गई और वह गिर कर मशीन के नीचे दब गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस चौकी प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर जाकर मशीन को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों के बयानों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।