वित्त मंत्री का घर जलाने के मामले में सोमबीर जसिया करनाल के घरौंडा से गिरफ्तार
: सीबीआई ने पंचकूला की विशेष अदालत में पेश कर लिया तीन दिन के रिमांड पर
: पीएम मोदी को लेकर मंच से विवादित बयान देने पर देशद्रोह का मामला भी दर्ज है सोमबीर के खिलाफ
: डीसी रोहतक ने तीन दिन पहले रद्द किया सोमबीर का आर्म्स लाइसेंस, जाट नेताओं ने साधी चुप्पी
: वहीं, सोशल मीडिया पर आगजनी मामले में जेल में रह चुके युवाओं ने वायरल की वीडियो
: बोले, पवन व सोमबीर को गलत फंसा रही सीबीआई, अब देखते हैं मलिक व बल्हारा कितना मिलने जाएंगे जेल
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक/पंचकूला/करनाल।
जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान वित्त मंत्री के रोहतक स्थित घर पर हिंसा और आगजनी मामले में सीबीआई ने एक और भगौड़ा घोषित आरोपी सोमबीर जसिया को करनाल (घरौंडा) से गिरफ्तार कर विशेष सीबीआई अदालत में शुक्रवार को पेश किया। आरोपी को पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। बचाव पक्ष के वकील एडवोकेट कादियान ने बताया कि आरोपी को रिमांड के दौरान रोजाना दो घंटे तक वकील से बातचीत की इजाजत होगी। हिंसा और आगजनी मामले में 51 आरोपियों के खिलाफ पंचकूला की अदालत में सुनवाई चल रही है। तीन दिन पहले सीबीआई ने इस मामले में पवन जसिया को रोहतक से गिरफ्तार किया था। इस मामले में सीबीआई लगातार आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। इतना ही नहीं, आरोप है कि जसिया में आंदोलन के दौरान इसी आरोपी ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर विवादित बयान दिया था। जिस पर देशद्रोह का भी मामला दर्ज किया गया था। वहीं, कोर्ट मेें सीबीआई की ओर से पांच दिन की रिमांड मांगी गई थी, लेकिन तीन दिन की रिमांड को कोर्ट ने मंजूर किया है।
वीडियो वायरल, देखते हैं पवन व सोमबीर से कितना मिलने जाते हैं मलिक
उधर, वित्त मंत्री की कोठी जलाने के मामले में गिरफ्तारी के बाद जमानत पर कुछ युवाओं ने शुक्रवार को वीडियो वायरल कर जाट नेता यशपाल मलिक व अशोक बल्हारा से पूछा है कि दोनों नेता बताएं कि सरकार ने कौन से 450 केस उठाए थे। खरावड़ के एक युवक को एक दिन पहले एक साल की सजा हुई है। सीबीआई की अदालत में हर 14 दिन के बाद वे तारीख भुगत रहे है। अब सीबीआई ने गलत तरीके से सोमबीर व पवन को गिरफ्तार कर फंसा दिया है। अब देखते हैं यशपाल मलिक पवन व सोमबीर से जेल में मिलने कितने दिन जाएंगे।
जाट आरक्षण संघर्ष समिति की मीटिंग एक दिन टली
उधर, जाट नेताओं की गिरफ्तारी के बाद आंदोलन को लेकर शनिवार को होने वाली मीटिंग को एक दिन के लिए टाल दिया गया है। अब मीटिंग जसिया में रविवार को होगी, जिसमें ग्रामीणों के हाथ उठवाकर आंदोलन शुरू करने या न करने को लेकर फैसला लिया जाएगा। संघर्ष समिति के महासचिव कृष्णलाल हुड्डा ने कहा कि सरकार ने वादा खिलाफी की है। केस वापस लेने की बजाए जाट युवाओं की गिरफ्तारी की जा रही हैं। इससे समाज में रोष है। जसिया में जाट समाज को एकत्रित कर आंदोलन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
डीसी रोहतक ने रद्द किया सोमबीर का आर्म्स लाइसेंस
उधर, डीसी रोहतक ने तीन दिन पहले सोमबीर जसिया का आर्म्स लाइसेंस रद्द कर दिया था। सोमबीर ने लाइसेंस पर रिवाल्वर व गन ले रखी थी। इतना ही नहीं, सोमबीर के खिलाफ अन्य मामले भी दर्ज हैं।