रोहतक। हत्या प्रयास के मामले में जमानत पर बाहर आये आरोपी ने अपने भाई को जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी केस वापस लेने और गवाही नहीं देने का दबाव बना रहा है। इस संबंध में शिवाजी कालोनी थाने में अशोक सहित अन्य पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में जनता कालोनी के प्रदीप वर्मा ने बताया कि उसके भाई अशोक ने 2012 में अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर और उनके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस संबंध में आरोपी अशोक सहित छह सात आरोपियों के खिलाफ हत्या प्रयास का केस दर्ज किया गया था। आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर है। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। प्रदीप का आरोप है कि अशोक उसे केस वापस लेने की धमकी दे रहा है। साथ ही कहता है कि अशोक काका वाला काम करना पडे़गा। बता दें कि कांग्रेस नेता अशोक काका की बदमाशों ने वर्ष 2016 में गोली मारकर हत्या कर दी थी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।