गोवंश को वाहन में ले जा रहे आरोपी गिरफ्तार
रोहतक। जिला पुलिस की एंटी व्हीक्ल थैफ्ट और डिटेक्शन टीम दिल्ली जा रहे वाहन से गोवंश को मुक्त कराया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। टीम के प्रभारी एसआई अशोक कुमार को सूचना मिली थी कि यूपी के मुजफ्फरनगर निवासी सरजाद अपने साथियों के साथ कैंटर गाड़ी में गोवंश भरकर ला रहा है। आरोपी गोवंश को दिल्ली ले जा रहे थे। वह गोहाना बाईपास रोहतक की तरफ से गांव बोहर की तरफ जा रहे थे। इस पर टीम मौके पर पहुुंची। टीम ने सनसिटी रोड नजदीक रेलवे पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में गोहाना बाईपास की तरफ से एक कैंटर आया। पुलिस ने चालक को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर गाड़ी में सवार युवक कैंटर को छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी सरजाद और हिसार के मांगेराम के रूप में हुई। पुलिस ने जब कैंटर की तलाशी ली तो उसमें सात गोवंश थे।