देह व्यापार में कांग्रेस नेता के कथित भतीजे समेत आठ पर केस
आरोपी पर दो माह पहले ही दर्ज किया गया था धोखाधड़ी का केस
-एक युवक को जमानत मिली, चारों युवतियों के नहीं मिले जमानती, चारों को कोर्ट के आदेश पर भेजा गया जेल
-दूसरे दिन भी मामले में जानकारी देने से हिचकती रही पुलिस
-विदेशी युवती को वेश्यावृत्ति के लिए भेजने वाले की भी की जा रही तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। शहर के डी पार्क स्थित होटल में वेश्यावृत्ति कराने के मामले में तथाकथित कांग्रेस नेता के भतीजे समेत आठ पर केस दर्ज किया गया है। जमानती नहीं मिलने के कारण विदेशी समेत चार युवतियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। जबकि युवक को कोर्ट के आदेश पर जमानत मिल गई है। उधर कांग्रेस नेता के कथित भतीजे और अन्य की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पीजीआई थाना पुलिस ने डी-पार्क स्थित होटल में छापा मारकर उज्बेकिस्तान की एक, दिल्ली की दो तथा यूपी की एक युवती व रोहतक के एक युवक को वेश्यावृत्ति में पकड़ा था। पीजीआई के एसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि वेश्यावृत्ति के मामले में आठ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कांग्रेस नेता का कथित भतीजा जतिन बत्रा भी आरोपियों में शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी युवक को कोर्ट से ही जमानत मिल गई। जबकि युवतियों की जमानती नहीं मिलने के कारण उन्हें जेल भेज दिया गया।
उधर सूत्रों का कहना है कि मामला नेताओं से जुड़ा होने के कारण पुलिस कु छ भी बताने से हिचक रही है। महिला थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी पीजीआई थाने से लेने की बात कही।