फोरेंसिक मेडिसन विभाग के एचओडी पर एससी एसटी की धाराओं में केस
-पिछले कई दिन से विभागाध्यक्ष डॉ. एसके धत्तरवाल व डॉ. विनोद मेहरा के बीच चल रही थी खींचातान
-पीजीआई एसएचओ बोले-मामले की जांच कर दी गई है शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। पीजीआईएमएस के फोरेंसिक मेडिसन विभाग के एचओडी पर डॉ. विनोद मेहरा की शिकायत पर एससीएसटी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार फोरेंसिक विभाग में पिछले कई महीनों से विभागाध्यक्ष डॉ. एसके धत्तरवाल व डॉ. विनोद मेहरा आमने-सामने विरोधाभास की स्थिति में आ रहे थे। डॉ. मेहरा ने विभागाध्यक्ष पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। इसके लिए निदेशक डॉ. सरिता मग्गू ने नौ व दस अगस्त को विभाग का राउंड लिया और सभी कमरों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने विभागाध्यक्ष व अन्य कंसल्टेंट के साथ बैठक की। हालांकि, बाद में यह मामला एसपी कार्यालय तक भी पहुंच गया था।
बताया कि डॉ. विनोद ने डॉ. एसके धत्तरवाल पर आए दिन जातिसूचक शब्द कहने तथा कार्यालय से बाहर निकालने का आरोप लगाया। डॉ. एसके धत्तरवाल पर एससीएसटी की धाराओं में के स दर्ज किया गया है। डीएसपी जमाल ने बताया कि एचओडी पर एससीएटी की धारा में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच मैं खुद कर रहा हूं। इस संबंध में एचओडी से बात करने का प्रयास किया मगर उन्होंने काल रिसीव नहीं की।