सांपला में बहन की शादी बता कर ठग ले गया हजारों की साड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
सांपला।
कपड़े खरीदने की आड़ में एक ठग ने ग्राहक बनकरदुकानदार को करीब 35 हजार रुपये का चूना लगा दिया।
दुकानदार सलमान ने सांपला थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उसने मेन बाजार में साड़ी की दुकान खोल रखी है। सुबह करीब नौ बजे एक युवक कार को ग्रामीण बैंक के पास खड़ी कर दुकान पर आया। उसने अपने आप को सांपला निवासी बताया। उन्होेंने कहा कि उसकी बहन की शादी है। उसने दुकानदार से करीब अच्छी क्वालिटी की 35 साड़ी खरीदीं तथा रुपये घर चल कर देने की बात कही। दुकान मालिक से साड़ी कार में रखवा लीं और उसे अपनी गाड़ी में बैठा कर चल दिया। बाजार से कार निकलते ही उसने कहा कि उसकी उसके भाई से बात हो गई है और बहन जितनी साड़ी पसंद करेगी रख लेंगे। पैसे देने आ जाता हूं। आप वापिस दुकान पर चले जाओ। यह कह कर उसे कार से उतार दिया और गाड़ी को ले गया। उसने दोपहर तक उसके आने का इंतजार किया, लेकिन वह नहीं आया। तब उसे ठगी का शक हुआ। जब युवक शाम तक भी वापिस नहीं लौटा तो उसने पुलिस में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।