बहादुरगढ़ के लिए भी
दुष्कर्म के आरोपी ससुर की गिरफ्तारी के लिए पीड़िता ने खोला मोर्चा, आईजी कार्यालय के बाहर मां के साथ भूख हड़ताल पर बैठी, रक्षाबंधन का पर्व न मनाने का लिया निर्णय
-पुलिस पर लगाया आरोपियों को बचाने का आरोप
-विरोध स्वरूप मुंह पर काली पट्टी बांधकर बैठी पीड़िता
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी रेप और जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई न होने पर दिल्ली की विवाहिता ने बहादुरगढ़ निवासी आरोपी ससुरालियों के खिलाफ सोमवार को मोर्चा खोल दिया। कार्रवाई की मांग को लेकर आईजी कार्यालय के बाहर पीड़िता और उसकी मां भूख हड़ताल पर बैठ गई। पुलिस पर आरोपियों को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया। पीड़िता ने विरोध स्वरूप मुंह पर काली पट्टी बांधी थी। साथ ही परिवार ने रक्षा बंधन का पर्व न मनाने का निर्णय लिया है।
दिल्ली के महीपालपुर निवासी विवाहिता सोमवार शाम अपने भाई और मां के साथ आईजी संदीप के कार्यालय के बाहर हाथों में पोस्टर लेकर भूख हड़ताल पर बैठ गई। भाई ने बताया कि महिला का विवाह वर्ष 2011 में बहादुरगढ़ खुलासी गांव में किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग बहन को परेशान करते थे। अक्तूबर में ससुर ने उसके साथ तीन दिन तक रेप किया। मामले की सूचना पुलिस को देने पर बहन के चार वर्षीय बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। पति और ससुराल के अन्य लोगों को मामले की जानकारी दी। तो लोगों ने उसकी फांसी लगाकर हत्या करने का प्रयास किया। अंत में ससुरालवाले बहन को दिल्ली में छोड़कर फरार हो गए। मामला दर्ज होने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो परिवार इस बार रक्षाबंधन का पर्व नहीं मनाएगा। इस संबंध में आईजी संदीप से बात करने का प्रयास किया, पर बात नहीं हो सकी।
---
विवाहिता के साथ रेप और जानलेवा हमले के मामले में आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ससुर का अगले माह पॉलीग्राफी टेस्ट होना है। टेस्ट होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-राजवीर सिंह, कार्यवाहक एसएचओ, थाना सदर बहादुरगढ़