मंदिर से चोरी, दानपात्र को भी उखाड़ने का प्रयास, आरोपी सीसीटीवी में कैद
- सोमवार को दिन दहाड़े दिया घटना को अंजाम
पुलिस ने केस दर्ज किया, जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। काठ मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में सोमवार को दिन दहाडे़ चोर ने नकदी ओर मोबाइल चोरी कर लिए। दान पात्र को भी उखाड़ने का प्रयास किया। आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
खाटू श्याम मंदिर के पुजारी रजनीश तिवारीसोमवार को मंदिर से कुछ देर के लिए बाहर घूमने गए थे। इसी बीच मंदिर में चोरी कर ली गई। घटना के बाद मंदिर में लगी सीसीटीवी कै मरे की फुटेज देखी तो एक चोर मंदिर के अंदर घुसता दिखाई दिया। मंदिर में रखी करीब पांच हजार की नकदी और पुजारी का मोबाइल चोरी कर लिया। इसके बाद दान पात्र को भी उखाड़ने का प्रयास किया मगर वह सफल नहीं हो सका। आरोपी करीब 4 बजे मंदिर में घुस गया था तथा पंद्रह मिनट तक मंदिर में रहा। बाबा के मुकुट को भी तलाश किया मगर मुकुट नहीं मिला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा किया।
एक साल पूर्व भी कर ली गई थी चोरी
करीब एक साल पूर्व भी मंदिर में चोरी कर ली गई थी। पुलिस से मामले की शिकायत की गई थी मगर पुलिस मामले का आज तक खुलासा नहीं कर सकी है। उस मामले में भी इसी युवक पर शक जताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।