ऑटो चालक हत्याकांड : संदिग्ध महिला और युवक से पूछताछ के बाद भी खाली हाथ पुलिस ---
परिजनों से बोला जांच अधिकारी, हमारे पास और भी काम
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
गला घोटकर मौत के घाट उतारे गये ऑटो चालक प्रवीण हत्याकांड की जांच भले ही सीआईए वन के पास चली गई हो लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है।
मृतक के परिजनोें का कहना है कि संदिग्ध महिला और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है। परिजनों ने बताया कि जब भी जांच अधिकारी से मामले को लेकर बात की जाती है तो वह जवाब देता है कि उसके पास और भी काम है। इसी तरह सीआईए की टीम भी मामले में ढील बरत रही है। इस मामले में आरोपियों को पकड़ने की मांग को लेकर परिजन कई बार एसपी से गुहार लगा चुके हैं। परिजनों का आरोप है कि जो युवक प्रवीण को हरिद्वार लेकर गया था उसकी पहचान बताने के बाद भी पुलिस ने उससे पूछताछ नहीं की है। इसके अलावा एक युवक प्रवीण के साथ ऑटो पर रहता था। वह हत्या के बाद से ही घर से फरार है।
परिजनों का कहना है कि संदिग्ध महिला ने 21 फरवरी को प्रवीण से बात करने के लिए उसके भाई के मोबाइल पर बात की थी। बात न करवाने पर महिला ने देख लेने की धमकी दी थी। परिजनों का आरोप है कि यह महिला भी प्रवीण की हत्या के दिन से ही फरार है। इसके बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।
बता दें कि गांव निंदाना निवासी ऑटो चालक प्रवीण की बदमाशों ने गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उन्होंने शव के हाथ चुन्नी और पैर जूतों के फीते से बांधकर उसे गांव सिंहपुरा स्थित नहर में फेंक दिया। 23 फरवरी की सुबह नहर में शव मिलने के बाद हत्या का खुलासा हुआ था। इस संबंध में सदर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या व सबूत खुर्द-बुर्द करने का केस दर्ज किया गया था। प्रवीण चार दिन से घर से लापता था। उसके ऑटो को मकड़ौली टोल से कुछ दूरी पर बरामद किया गया था।