मवेशियों को सड़क पर छोड़ा तो लगेगा 10 हजार का जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। अगर अब मवेशियों को सड़कों पर छोड़ा गया तो मालिकों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपनिदेशक डॉ. सूर्या खटकड़ ने बताया है कि सड़क पर मिलने वाले मवेशियों को नंदीशाला और गोशाला में भेज दिया जाएगा। प्रशासन के नोटिस में आया है कि शहरी और ग्रामीण इलाकों में रात को लोग सड़कों पर अपने मवेशियों को छोड़ देते हैं, जोकि आवारा पशु मुक्त बनाने के प्रयासों में बाधा डालते हैं। जिला प्रशासन प्रतिष्ठित व्यक्तियों और गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से जिला को आवारा पशुओं व दुर्घटना से मुक्त करने का प्रयास कर रहा है। प्रशासन ने आम जनता से उन लोगों की पहचान करने की अपील की है जो पशुओं को सड़काें पर छोड़ जाते हैं। जिला को आवारा पशुओं से मुक्त बनाने की कड़ी में पंचायतीराज विभाग तथा गांव बसंतपुर पंचायत के संयुक्त प्रयासों के चलते गांव बसंतपुर में वीरवार को नंदीशाला निर्माण के लिए आधारशिला रखी जाएगी, जिसका क्षेत्रफल 2 एकड़ होगा।