अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के बावल चौक स्थित ऑटो स्टैंड से सवारी भरकर ले जा रहा एक ऑटो ट्रैक्टर से टकराकर पलट गया। हादसे में छह लोग घायल हो गए जिन्हें एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया गया। जानकारी अनुसार ऑटो चालक बुधवार सुबह नौ बजे रेवाड़ी से सवारी भरकर बावल औद्योगिक क्षेत्र जा रहा था। ऑटो में अधिकतर कंपनियों के कर्मचारी थे। बावल रोड पर आईओसी डिपो के पास पहुंचते ही ऑटो ट्रैक्टर से टकरा गया। हादसे में संतुलन बिगड़ने के कारण ऑटो पलट गया। सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि अधिकतर घायलों को फ्रैक्चर था। कुछेक का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। कुछ छुट्टी लेकर जा चुके हैं। वहीं मामले की जांच कर रहे मॉडल टाउन पुलिस ने बताया कि घायलों के बयान लिए जा रहे हैं। मामले की जांच करने के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।