माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार रात को मानसरोवर पार्क में पांच नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट की। विरोध करने पर आरोपियों ने दंपती को पीटकर घायल कर दिया। बदमाश दंपती से एक मोबाइल और चार हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने घायल को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांधी कैंप निवासी गौरव रविवार शाम को पत्नी और बच्चों के साथ मानसरोवर पार्क में घूमने के लिए गए थे। जब वहां पर पहुंचे तो पांच युवकों ने स्कूटी छीनने का प्रयास किया और इसका विरोध करने पर मारपीट करनी शुरू कर दी। गौरव को बचाने के लिए उनकी पत्नी आगे आई तो उनके साथ भी बदमाशों ने मारपीट कर दी। गौरव के सिर में चोट आई और वह लहूलुहान हो गए।
गौरव और उनकी पत्नी के साथ जब आरोपी मारपीट कर रहे थे तो बच्चे उनको छोड़ने की गुहार लगा रहे थे। मगर आरोपियों ने बच्चों की एक न सुनी और मारपीट करते रहे। घटना के बाद से बच्चे दहशत में हैं। गौरव से एक मोबाइल फोन और चार हजार रुपये लूटकर भाग गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मारपीट और लूटपाट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।