इकाई संचालकों से बातचीत करते निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा। विज्ञप्ति
एनजीटी (राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण) के आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए शुक्रवार से नगर निगम प्रशासन कार्रवाई शुरू करेगा। जिन निजी इकाइयों के संचालकों को नोटिस दिए गए थे उनके साथ वीरवार को नगर आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बैठक कर सुनवाई की।
नगर आयुक्त ने सभी इकाई संचालकों को शुक्रवार सुबह 10 बजे तक सभी दस्तावेज निगम कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेज जमा न करवाने वालों की इकाइयों को निगम प्रशासन सील करेगा।
6 सितंबर को नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने एनजीटी के आदेशों के अनुसार सभी रेस्टोरेंट, होटल, मैरिज पैलेस, बैंक्वेट हॉल, ढाबों आदि में निर्धारित नियमों को लागू करवाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स को आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए थे। इसके लिए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया था। जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने पहले जिले में एनजीटी की गाइडलाइंस को लेकर सर्वे किया था। इसमें 105 इकाइयां ऐसी मिली थीं जो नियमों का उल्लंघन कर रही थीं। इन इकाइयों को पहले नोटिस दिए गए थे, लेकिन कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई थी। छह सितंबर को हुई बैठक में फैसला लिया गया था कि इन इकाइयों को सात दिन का नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी। 21 दिन में टास्क फोर्स एक्शन टेकन रिपोर्ट एडीसी को सौंपेगी।