सांपला। कर्नाटक में कांग्रेस की विधानसभा में हुई जीत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। शनिवार को कांग्रेसियों ने जीत की खुशी में एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता पार्षद अंकित ओहल्याण ने अपने साथियों के साथ मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। इस्माईला में सरपंच एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष विकास खत्री, पूर्व प्रधान ओम प्रकाश खत्री ने कांग्रेस की जीत पर कहा कि अब बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कांग्रेस के युवा ब्लॉक प्रधान मनोज कुमार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में हरियाणा में भी बीजेपी का यही हाल होगा। खरावड़ गांव में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व प्रधान विजेंद्र मलिक, पूर्व सरपंच उमेद सिंह ने भी कांग्रेस की कर्नाटक में हुई जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं के बीच में मिठाई बांटी। भैंसरू कलां में पूर्व सरपंच राजकुमार कौशिक व भैंसरू खुर्द में पहलवान राजू ने मिठाई बाटी।