संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। निर्धारित समय अवधि में विकास कार्यों के लिए एक सप्ताह के अंदर निर्माण सामग्री का मूल्य निर्धारित करें। जिले में विकास और पंचायत विभाग की ओर से विभिन्न स्कीमों के तहत करवाएं जा रहे विकास कार्यों को लेकर मंगलवार को उपायुक्त अजय कुमार ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह बात कहीं।
बैठक में जिला विकास और पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने विभाग की अलग-अलग स्कीमों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने निर्माण सामग्री के मूल्य निर्धारण करने, जेम पोर्टल पर खरीद, स्वामित्व योजना, विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणाएं, सीएम विंडो व जनसंवाद आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उपायुक्त अजय कुमार ने जिला परिषद, पंचायत समितियों व ग्राम पंचायतों के लंबित विकास कार्यों को पूरा करवाने के लिए समय सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला परिषद के कार्यकारी अभियंता और पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश जारी करते हुए कहा कि निर्माण सामग्री के मूल्य निर्धारण करने की समूची कार्रवाई एक सप्ताह के भीतर पूरी करके रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष मलिक, जिला परिषद के कार्यकारी अभियंता गजेंद्र, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता नवीन गोयत सहित जिले के सभी खंड विकास और पंचायत अधिकारी, उपमंडल अधिकारी तथा खंडों के समाज शिक्षा और पंचायत अधिकारी उपस्थित रहे।य