रोहतक। जिले में ठगी की वारदात नहीं थम रही हैं। सेक्टर-एक, काठमंडी व समचाना में ऑनलाइन ठगों ने छह लाख से ज्यादा की नकदी निकाल ली, जबकि झज्जर रोड पर सब्जी खरीदने गई महिला से ठगी करके जेवरात ले गए। ऑनलाइन ठगी के तीनों केस जहां साइबर थाने में दर्ज किए गए हैं, जबकि महिला से ठगी का केस सिटी थाने में दर्ज किया गया है।
वारदात एक : क्रेडिट कार्ड बंद करने का झांसा देकर महिला से 1 लाख 93 हजार ठगे
पुलिस के मुताबिक सेक्टर एक निवासी संतोष देवी ने दी शिकायत में बताया कि उसने क्रेडिट कार्ड ले रखा है, जिसे एक साल से बंद कराना चाहती थी। इसके लिए उसने कई बार बैंक के कस्टमर केयर पर कॉल की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसी बीच 29 अप्रैल को उसके पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक की कस्टमर केयर ब्रांच का अधिकारी बताया। इसके बाद उससे बैंक एप डाउनलोड करवाई। फिर पूरी डिटेल भरवा ली। जब मोबाइल की बैटरी खत्म होने की बात कही तो उसने दूसरा नंबर मांग लिया। इसके बाद वेरिफिकेशन कोड पूछा। कहा कि आपका 72 घंटे में कार्ड बंद हो जाएगा। इसी बीच 18 जुलाई को बैंक से फोन आया कि आपने क्रेडिट कार्ड की फीस जमा नहीं करवाई। वह बैंक पहुंची और क्रेडिट कार्ड की स्टेटमेंट निकलवाई। पता चला कि उसके खाते से 29 अप्रैल से 4 मई तक 1 लाख 93 हजार 920 रुपये निकाले गए हैं। उसका ई-मेल व मोबाइल नंबर भी बदला हुआ है।
वारदात दो : ट्रक का फास्टैग रीचार्ज कराने के नाम पर 1.93 हजार निकाले
पुलिस के मुताबिक काठमंडी निवासी आदित्य ने दी शिकायत में बताया कि 17 जुलाई को ऑनलाइन नंबर निकाल कर ट्रक पर लगे फास्टैग को रीचार्ज करने का प्रयास किया। संबंधित युवक ने कहा कि उनका फास्ट टैग 24 घंटे में रीचार्ज होगा। पहले बैंक से 1 रुपये कटेगा। उस दिन अकाउंट से एक रुपया कट गया। अगले दिन उस नंबर पर बात की तो उसके नंबर पर एक लिंक भेजा गया। उसने लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद ट्रक का नंबर व डेबिट कार्ड का नंबर भरवाया। इसके बाद उसे एक नंबर से तीन लिंक मिले। तीनों लिंक वापस भेजने के लिए कहा गया। उसके ऐसा करते ही खाते से 79 हजार, 15 हजार व 99 हजार रुपये कट गए।
वारदात तीन : मां की भतीजी बनकर जाल में फांसा, 2 लाख 77 हजार निकाले
पुलिस के मुताबिक समचाना गांव के युवक जगमेंद्र ने शिकायत दी है कि बहादुरगढ़ में अकाउंटेंट की नौकरी करता है। 19 जुलाई को उसके पास एक फोन आया। फोन करने वाली युवती ने कहा कि वह उसकी मां विद्या देवी की भतीजी है। उसे बुआ के पास पैसे भेजने हैं। बुआ ने आपका नंबर दिया है। अभी आपके पास मैसेज आएगा, अपना गूगल-पे ऑन रखना। उसने गूगल-पे ऑन कर दिया। तभी एक लिंक आया, जिस पर क्लिक करने से एक रुपया कट गया। थोड़ी देर में उसके पास दो रुपये आ गए। इसके बाद 20 हजार रुपये का लिंक आया। उसने क्लिक किया तो पैसे कट गए। उसने कॉल करके पूछा कि आप तो पैसे भेज रहे थे, ये तो मेरे खाते से कट गए हैं। उधर से युवती की ओर से एक युवक ने कहा कि दूसरा लिंक भेज रहा हूं, गलती से कट गए। राशि वापस आ जाएगी। फिर 40 हजार का लिंक भेजा गया। उसने लिंक पर क्लिक किया तो 40 हजार कट गए। युवक ने कहा कि कोई तकनीकी दिक्कत आ रही है। तीसरी बार लिंक भेजा तो 39 हजार 999 रुपये कट गए। इसके बाद उसके अकाउंट की लिमिट पूरी हो गई। आरोपी ने उसे दूसरा डेबिट कार्ड लिंक भेजा। पहले लिंक पर क्लिक करने से 98 हजार 157, दूसरी बार में 79 हजार 157 कट गए। इस तरह उसके अकाउंट से 2 लाख 77 हजार 313 रुपये निकाल लिए गए।
वारदात चार : झज्जर रोड पर सब्जी लेने गई बुजुर्ग महिला से जेवरात ठगे
पुलिस के मुताबिक रेलवे रोड निवासी 70 वर्षीय सत्यभामा ने दी शिकायत में बताया कि वह झज्जर रोड पर सब्जी खरीदने गई थी। रास्ते में एक युवक पास आया और बोला आपने पांच तोले सोने के दो कड़े व दो तोले की चेन पहन रखी है। काफी महंगे लग रहे हैं। इसे संभाल कर रखो, एक गिरोह सक्रिय है जो जेवरात निकाल लेता है। इनको निकाल कर बैग में रख लो। इसके बाद उसने एक कागज का टुकड़ा दिया। जेवरात निकलवाकर बैग में रखवा दिए। इसके बाद युवक ने उसे बातों में उलझा लिया। नकली कड़े व चेन बैग में डालकर असली निकाल कर बाइक पर आए अपने दो साथियों के साथ शांतमई चौक की तरफ फरार हो गया।