हरियाणा सरकार के आदेश पर 86 दिन बाद शुक्रवार से सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए खोल दिए गए हैं। शुक्रवार और शनिवार को अधिकांश स्कूल में विद्यार्थी मनमर्जी के मुताबिक आए थे। कुछ बच्चे स्कूल ड्रेस में नहीं आए। कुछ अभिभावकों से मंजूरी पत्र साथ नहीं लाए। कुछ बच्चे लेट आए तो कुछ कॉपी किताबें पूरी नहीं लाए थे। दो दिन तक इस तरह के माहौल को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी नांदल ने स्कूल स्टाफ, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। अधिकारी ने कहा है कि विद्यालय में 50 प्रतिशत बच्चों के ही आने का फिलहाल प्रावधान है। इसलिए जो भी विद्यार्थी स्कूल आकर पढ़ाई करना चाहता है वह पूरे अनुशासन में आए। स्कूल में ड्रेस में आना, समय पर आना, अनुमति पत्र लाना व बैग में पूरी कॉपी किताबें लेकर स्कूल आना अनिवार्य है। वरना, विद्यार्थियों के पास दूसरा विकल्प घर पर बैठकर ऑनलाइन पढ़ाई करने का भी है। वह घर पर बैठ कर पढ़ाई कर सकते हैं।