रोहतक। हरियाणा फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज टीचर्स ऑर्गेनाइजेशन ने वीरवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यह प्रदर्शन विभिन्न लंबित मांगों के समाधान के लिए किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार के नाम मांग पत्र कुलपति के माध्यम से सौंपा जाएगा। प्रदर्शन दोपहर दो बजे से चार बजे तक एमडीयू शिक्षक संघ के कार्यालय के समक्ष होगा। प्रमुख मांगों में वित्त विभाग के 17 अगस्त के पत्र को वापस लेना शामिल है। इस पत्र में चार साल से रिक्त पदों को समाप्त करने का प्रावधान है। शिक्षकों ने सभी रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्तियां करने की मांग की है। राजकीय सहायता प्राप्त 96 महाविद्यालयों के कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के अनुसार संशोधित मकान किराया भत्ता और चिकित्सा प्रतिपूर्ति भत्ता देने की भी मांग की गई। राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की बात भी कही गई। ग्रेच्युटी की सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 25 लाख करने की मांग भी उठाई गई। संवाद