रोहतक। रिश्वत के डेढ़ लाख रुपये लेने के आरोपी सीएमओ डॉ. इमरान खान को जेल भेज दिया गया है। राज्य सतर्कता ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार शाम डॉक्टर को रंगे हाथों पकड़ा था। नए साल की रात हुए झगड़े में काटी एमएलआर में जीवन के लिए घातक चोट की राय देने के नाम पर यह राशि मांगी गई थी।
राज्य सतर्कता ब्यूरो डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए सीएमओ को अदालत में पेश किया गया। यहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया। शुक्रवार को इसके खिलाफ सेक्टर 35 निवासी मनदीप हुड्डा ने शिकायत दी थी। एमएलआर में घातक चोट लिखने की धमकी देते हुए 2.30 लाख रुपये की मांग की गई थी। बाद में समझौता डेढ़ लाख रुपये में हुआ। इस बारे में शिकायत मिलने पर विजिलेंस ने टीम बनाकर छापा मारा और पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर के सीएमओ को रिश्वत लेते पकड़ा।