रोहतक में सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इस दौरान उन सीटों पर मंथन हुआ, जहां कई दावेदार होने की वजह से पेंच फंसा हुआ है। ऐसे में तय हुआ कि पहली सूची रविवार शाम या सोमवार सुबह जारी होगी, जिसमें 60 से ज्यादा प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
वहीं उन 20 सीटों पर नामांकन के आखिरी या उससे पहले दिन ऐन वक्त पर टिकटों की घोषणा की जाएगी, जिन पर कई दावेदार होने के कारण पेंच फंसा है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश चुनाव प्रभारी नरेंद्र सिंह तोमर, सह प्रभारी भूपेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट संदीप जोशी, एडवोकेट वेदपाल, भिवानी से सांसद धर्मबीर, रोहतक के सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा, करनाल से सांसद संजय भाटिया, कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी, हिसार से सांसद बृजेंद्र सिंह, प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री ओपी धनखड़, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार व दूसरे मंत्री भी मौजूद रहे।