रोहतक। प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच में कार्यरत नगर निगम के क्लर्क संदीप कुमार के खिलाफ छह माह बाद भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत रिश्वत मांगने व लेने का केस दर्ज किया गया है। आर्य नगर थाना पुलिस ने वीरवार को निगम के कार्यालय अधीक्षक संजीव हुड्डा की शिकायत पर यह कार्रवाई की। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी क्लर्क ने एक बार कहा कि शिकायतकर्ता ने जबरन पैसे जेल में डाले, लेकिन उसने डालने नहीं दिए। जबकि एक माह बाद कहा कि उसकी जेब में जबरन पैसे डाले दिए।
पुलिस के मुताबिक दी शिकायत में बताया गया है कि व्यापारी नेता गुलशन निझावन ने शिकायत दी थी कि उसके एक परिचित को प्रॉपर्टी आईडी की श्रेणी बदलवानी थी। क्लर्क संदीप कुमार ने काम नहीं किया। इसके बाद नगर सुधार मंडल कार्यालय के बाहर चाय पीते समय 5 हजार रुपये की रिश्वत ली। जब क्लर्क से पूछा कि आपकी जेब में रिश्वत के पैसे हैं, लेकिन क्लर्क ने इंकार कर दिया। जब क्लर्क कार्यालय के अंदर जाने लगा तो उसकी जेब से पैसे गिरने लगे। क्लर्क के स्टिंग ऑपरेशन की वीडियो भी वायरल हुई थी। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने मामले की जांच बैठाई। जांच रिपोर्ट के आधार पर अब क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम सात व 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है।