रोहतक। क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसाइटी की राज्य टीम के आह्वान पर शुक्रवार को लिपिकीय वर्ग द्वारा काले कपड़े व काला रिबन बांधकर धोखा दिवस मनाया। कर्मचरियों ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त को सरकार ने समाधान के लिए टीम गठित की थी, लेकिन अवकाश काटने का आदेश देकर उनको धोखा किया गया है।
जिला प्रधान संदीप दांगी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर सरकार ने लिपिकीय वर्ग के हड़ताल समय को ड्यूटी में गिनने और कार्य समीक्षा के आधार पर वेतनमान बढ़ाने पर कमेटी का गठन करने का वादा कर हड़ताल को स्थगित करवाया था। सरकार द्वारा कमेटी का गठन तो कर दिया गया है, लेकिन हड़ताल समय को ड्यूटी में न गिनकर अर्जित अवकाश में से काटने का आदेश देकर लिपिकीय वर्ग के साथ धोखा किया है। इसलिए क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसाइटी की राज्य टीम के आदेश पर हरियाणा सरकार में कार्यरत सभी विभागों के लिपिकों ने 15 तारीख को कार्यालय में काले कपड़े और काला रीबन बांधकर रोष प्रर्दशन किया और सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए सरकार को चेताया कि हड़ताल समय को ड्यूटी माना जाए और उस हड़ताल समय को किसी तरह के अवकाश में से न काटा जाए।