लघु सचिवालय में बंद पड़ शौचालय को दिखाते आप पार्टी के कार्यकर्ता। स्रोत: पार्टी
रोहतक। लघु सचिवालय में पिछले काफी समय से लाखों रुपये की लागत से बने तीनों शौचालय बंद पड़े हुए हैं। वहीं साथ में ही गंदगी के ढेर तक लगे हुए हैं। अधिकारियों का इनकी तरफ कोई ध्यान नहीं है। आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं द्वारा शनिवार को लघु सचिवालय का दौरा किया गया तो यह बातें सामने आईं।
आप नेता साहिल मग्गू ने बताया कि लाखों रुपये की लागत से बनें तीनों शौचालय जब से बने हैं, तब से बंद हैं। न ही इन शौचालयों की देखरेख होती है और न ही सफाई के लिए कोई कर्मचारी आता है। यहां पर शहर के डीसी, एसपी, एसडीएम एवं अन्य उच्च अधिकारी बैठते हैं और प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। लेकिन यहां पर जन सुविधाओं के नाम पर सिर्फ इन शौचालयों का निर्माण भर किया गया है। साथ ही लघु सचिवालय प्रांगण में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। अगर अफसरों की नाक के नीचे ही गंदगी का यह आलम है तो रोहतक शहर का क्या हाल होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि वह इस विषय में नगर निगम कमिश्नर से मिलेंगे और उन्हें वास्तविकता से अवगत कराते हुए ज्ञापन भी सौंपेंगे। इस मौके पर भूषण वाधवा, जसबीर कुमार, पवन कुमार, कुणाल सिकरी, प्रवेश सहगल मौजूद रहे।