माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शातिर युवक ने लेक्चरर बनकर रेलवे के सफाई कर्मी को 25 हजार रुपये भेजने का झांसा देकर 11 हजार रुपये ठग लिए। इस संबंध में सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक कच्चा बेरी रोड स्थित रेलवे कॉलोनी निवासी सोमोत्या राम मीणा ने दी शिकायत में बताया कि वह रेलवे में सफाई कर्मी के तौर पर कार्यरत है। तीन फरवरी को शाम पांच बजे उसके पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने नाम लेकर बोला, सोमोत्या राम मीणा जी क्या हाल हैं। पहचान लिया था, मैं मनोज लेक्चरर बोल रहा हूं। सफाईकर्मी बोले, मैंने आपको पहचाना नहीं है। युवक ने कहा, उसने तो एक ही आवाज में आपको पहचान लिया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि उसे मोबाइल पर 25 हजार रुपये भेजने हैं। बाद में आकर ले लूंगा। सफाई कर्मी ने विश्वास कर लिया। कहा कि, पैसे भेज दीजिए। सफाई कर्मी के पास 25 हजार रुपये भेजने का फेल मैसेज आया। इसके बाद 15 हजार रुपये का फेल मैसेज आया। इसके बाद 10 हजार का मैसेज भेजकर बोला, रिसीव करते समय पासवर्ड भर दीजिए। उसने जैसे ही पासवर्ड डाला, उसके खाते से 10 हजार रुपये कट गए। इसके बाद एक हजार रुपये कट गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।