रोहतक। वायु सेना में तैनात सेक्टर एक के जवान को कम रेट में कार दिलाने का झांसा देकर दूसरे जवान ने 9.70 लाख रुपये ठग लिए। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर एक निवासी सत्येंद्र सिंह ने दी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली स्थित वायु सेना भवन में तैनात है। फरवरी 2021 में उसे एक नई कार खरीदनी थी। पता चला कि चरखी दादरी जिले के गांव बौंद कलां निवासी चंद्रहांस कम रेट में काम दिलवा सकता है। जो सेना में ही जवान है और राजस्थान में तैनात है। दोनों की रोहतक में मुलाकात हुई। आरोपी ने 45 दिन में 11 लाख 50 हजार की कार 10 लाख 20 हजार में दिलवाने का भरोसा दिया। उसने इसके लिए 10 लाख का लोन लिया और 9.70 लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। आरोपी ने कार नहीं दिलवाई और न ही पैसा वापस किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी विवेक कुंडू ने मामले की जांच की। इसके बाद अब अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है।