रोहतक। केदारनाथ धाम का भ्रमण कराने के नाम पर इंदिरा कॉलोनी के युवक निशांत मित्तल से साइबर ठग ने 46 हजार 700 रुपये ठग लिए। इस संबंध में सिटी थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में निशांत मित्तल ने बताया कि 17 जून को उसने फेसबुक से केदारनाथ धाम के भ्रमण का पैकेज मिला। दिए गए नंबर पर बात की तो 16 हजार 500 रुपये में पैकेज पर बात हुई। उसने कहने पर 5 हजार रुपये एडवांस भेज दिए। 20 मिनट बाद ही उसे हेलिकॉप्टर का टिकट भेज दिया। इसके बाद 11 हजार 500 रुपये की बकाया पेमेंट मांगी। साथ ही पांच हजार रुपये एडवांस बुकिंग के लिए मांगे। बोला, बाकी पेमेंट बाद में कर देना। 20 मिनट बाद फिर कॉल आई, कहा कि वीआईपी दर्शन भी करने होंगे। उसने कहा कि वह तो सामान्य तरीके से लाइन में लगकर दर्शन कर लेगा, लेकिन युवक ने कहा कि यह कंपनी के लिए अनिवार्य है। इसके लिए 12 हजार 600 रुपये मांगे। बोला, यह राशि बाद में वापस मिल जाएगी। इसके बाद तीन बार में 6300, 6300 और 12600 रुपये की पेमेंट करवा ली। फिर कहा कि इंशारेंस के 9600 रुपये भी देने होंगे। ये अनिवार्य है। इस तरह किसी न किसी बहाने से करीब 46 हजार 700 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में पता चला कि उनके साथ ठगी हुई है।