झज्जर। तलाब रोड पर स्थित हैफेड के गोदाम में बुधवार सुबह सुरक्षा कर्मियों ने उस समय हंगामा कर दिया जब हैफेड के एक इंस्पेक्टर पर सरसों से भरी गाड़ी को बिना गेट पास के गोदाम में दाखिल करवाने का दबाव बनाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
सुरक्षा कर्मियों का आरोप था कि बिना गेट पास वाहन का गेट पर तैनात कर्मियों ने विरोध किया तो इंस्पेक्टर और दूसरे अधिकारियों ने कोई आपत्ति दर्ज न करके गाड़ी को सीधे गोदाम के अंदर भिजवा दिया। कर्मियों ने चालक से कागजात मांगे गए तो उसने दिखाने से इंकार कर दिया। इस पर सिक्योरिटी गार्डों ने जमकर हंगामा किया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस और हैफेड अधिकारियों को दी। सूचना पाकर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंच गई और कर्मियों को शांत कराया। वहीं हैफेड के जिला प्रबंधक अनूप नैन भी मौके पर पहुंचे और कर्मियों से बातचीत कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। कर्मचारी सोनू कुमार, उमेश, सचिन, रोशन, जयकुमार, अजीत, राजेश ने बताया कि मंगलवार रात को एक भरी गाड़ी गोदाम में आई थी। उन्होंने गेट मांगा तो उन्होंने नहीं दिखाया। इस पर काफी हंगामा हुआ था। बाद में इंस्पेक्टर ने गेट पास बाद में लेने की बात कही थी। तब मामला शांत हो गया था। बुधवार सुबह उसी गाड़ी में से गेट पास जारी हुए बिना सरसों के बैग उतारने शुरू कर दिए गए। जब गेट पास मांगा तो नहीं दिखाया गया। चालक ने भी गेट पास देने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि वह गलत नहीं होने देंगे, क्योंकि गोदाम की जिम्मेदारी उनकी बनती है। इसके बाद पुलिस व हैफेड के डीएम मौके पर पहुंचे और कर्मियों को शांत कराया।
कट्टों से सरसों निकालने का आरोप
सिक्योरिटी गार्डों ने बताया कि जिस गाड़ी में सरसों के कट्टे आए थे, उसमें से कुछ सरसों निकाली गई थी। बाद में आधे अधूरे बैग बनाए गए थे। सदर थाना पुलिस का कहना था कि सूचना पर गए थे मामला शांत करा दिया था।
वर्जन
हाल ही में नए इंस्पेक्टर की ड्यूटी गोदाम में लगी थी। कर्मियों को लगा कि इंस्पेक्टर उनको हटा न दे। इसलिए उन्होंने हंगामा कर दिया। उनके हंगामे को देखकर इंस्पेक्टर को भी मौके से जाना पड़ा। गाड़ी से कट्टे में से सरसों निकालने या बिना गेट पास गाड़ी अंदर जाने की बात गलत है। सभी गाड़ियां रूटीन में अंदर जाकर खाली हो रही थी। कर्मियों को गलतफहमी हो गई थी। अब मामला सुलझ गया है।
अनूप नैन, जिला प्रबंधक, हैफेड, झज्जर