रोहतक। नगर निगम की तरफ से माल गोदाम रोड पर नाली में गोबर बहाने व गंदगी फैलाने पर तीन डेयरी संचालकों के 15 हजार 300 रुपये के चालान काटे। साथ ही आगे भी कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके साथ-साथ जनस्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलाकर नालों की सफाई करने की हिदायत दी गई।
निगम के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह ने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था दुरस्त करने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। इसमें आम लोगों का सहयोग भी अति आवश्यक है। शिकायत मिली थी कि माल गोदाम रोड पर डेयरी संचालक गोबर को नालियों, नालों व सीवर में बहा रहे हैं। इस कारण नाले और सीवर ब्लॉक होने से गंदा पानी सड़क पर बहता है। निगम के सफाई निरीक्षक सुंदर सिंह अपनी टीम के साथ शुक्रवार को माल गोदाम रोड पर पहुंचे। मौके पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सीवर की सफाई व नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारियों को नालों की सफाई के निर्देश दिए गए।