शहर के पाश इलाके सेक्टरों में झपटमारी की वारदात नहीं थम रही हैं। सेक्टर एक में मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार दो युवक झपटा मारकर 45 वर्षीय महिला हेमलता की दो तोले सोने की चेन ले गए। वारदात वहीं हुई, जहां पर पहले पुलिस चौकी थी। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस जांच कर रही है।
सेक्टर एक निवासी हेमलता ने बताया कि उसके पति निजी बैंक से रिटायर हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे घर के बाहर टहल रही थी। इसी बीच बाइक पर दो युवक आए, जिसमें से एक युवक ने हेलमेट लगा रखा था। नजदीक आकर बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपटा मारकर चेन छीन ली और फरार हो गए। शोर सुनकर परिवार के लोग बाहर आए, लेकिन झपटमार गायब हो चुके थे। वारदात की सूचना अर्बन एस्टेट थाने में दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की, लेकिन झपटमारों का सुराग नहीं लग सका। इससे पहले भी सेक्टरों में वारदात हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं सकी हैं।