उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनते बिजली निगम के अधिकारी । संवाद
रोहतक। राजीव गांधी विद्युत भवन में मंगलवार को उपभोक्ता शिकायत निवारण कमेटी की ओर से जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता कमेटी के सदस्य वीके कत्याल ने की। आठ उपभोक्ता दरबार में शिकायत लेकर पहुंचे। जिनमें से पांच शिकायतों का मौके पर समाधान तो तीन को उपभोक्ता फोर्म में रखा गया। दरबार में सुबह 10 बजकर दो मिनट पर उपभोक्ता शिकायत निवारण कमेटी के सदस्य वीके कत्याल पहुंचे। उनसे पहले एसई मनिन्दर सिंह सीट पर बैठे हुए थे। 10 बजकर 28 मिनट पर पहुंचे उपभोक्ता रविंद्र ने बताया कि पिछले 2 महीने से रीडिंग ज्यादा निकाली जा रही है। इसके कारण बिल ज्यादा आ रहा है। दो महीने पहले बिल ठीक आता था, दूसरी बार शिकायत लेकर पहुंचा हूं। एसई ने उसी समय एसडीओ को फोन कर विभाग की ओर से अपना मीटर लगाकर चेकिंग के आदेश किए। इस पर उपभोक्ता ने कहा कि समस्या का समाधान न हुआ तो सीएम विंडों पर शिकायत करूंगा।
कबूलपुर गांव से पहुंचे विशाल ने बताया कि अप्रैल माह में बिल नहीं भरा गया था। लेकिन मई में वह बिल भर दिया गया था। उसके बाद भी वहीं बिल दोबारा से जोड़ कर भेज दिया गया। कमेटी के सदस्य वीके कत्याल ने उसी समय जेई को बुलाया और बिल को ठीक करने के आदेश दिए।
35 उपभोक्ता पहुंचे, 22 की समस्याओं का हुआ समाधान
जून माह में चार व जुलाई में अभी तक बिजली निगम द्वारा दो जनता दरबार लगाए गए हैं। इनमें 35 उपभोक्ता आपनी शिकायतों का निपटारा करवाने के लिए पहुंचे। लेकिन 35 उपभोक्ताओं में से अभी तक 22 उपभोक्तओं का ही समाधान हो पाया है। 13 उपभोक्ताओं की शिकायतों के फोरम ने अपने एजेंडे में ले रखा है। विभाग की ओर से जल्द ही इनका स्थायी समाधान होने का दावा किया जा रहा है।