रोहतक। सुनारिया गांव में नगर निगम की जमीन के अंदर से मिट्टी चोरी करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है। यह कदम नगर निगम के भूमि अधिकारी सुरेंद्र गोयल की शिकायत पर उठाया गया है। पुलिस के मुताबिक नगर निगम के एलओ सुरेंद्र गोयल ने शिकायत दी थी कि सुनारिया गांव में नगर निगम की करीब 100 एकड़ से जमीन है। वह गांव से गुजर रहे थे, तभी देखा कि नगर निगम की जमीन में जेसीबी से खुदाई करके मिट्टी उठाई जा रही है। उन्होंने निगम के पटवारी सुमित, कानूनगो एवं एसटीओ संदीप व गांव के चौकीदार कवल सिंह से संपर्क किया। मौके पर पहुंचे तो मिट्टी से भरे डंपर गुजर रहे थे। उन्होंने गाड़ियों के नंबर नोट किए। इसके बाद डंपर व जेसीबी चालक मौके से चले गए। मामले में कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मिट्टी चोरी का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इसके लिए बताए गए डंपरों का रिकार्ड निकलवाया जा रहा है।