रोहतक। शिवाजी कॉलोनी में एक दुकानदार ने छह फाइनेंसरों के खिलाफ धोखाधडी़, जबरन वूसली और 25 से 30 फीसदी ब्याज वसूलने, जान से मारने की धमकी देने आदि का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में शिवाजी कॉलोनी निवासी हिमांशु ने बताया कि वह एमएस सेठी टेलर की दुकान चलाता है। उससे फाइनेंसरों ने पैसा कमाने का लालच देकर पैसे दिए थे और फिर कई-कई गुना ब्याज और वसूली करने लगे। जितने रुपये लिए उतने से कई गुना राशि दे चुका है, किंतु अब उनकी मां और पत्नी के साथ गलत हरकत करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़ित ने शिकायत में ब्लैंक चेक, कार की आरसी और अन्य कागजात भी लेने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने बताया कि फाइनेंसर धर्मेंद्र कुमार से 1.40 लाख रुपये 2023 में लिए थे और इनके एवज में 2.30 लाख मई-2024 तक दे चुका हूं। अभी डेढ़ लाख रुपये की और मांग कर रहा है। इसी तरह फाइनेंसर कृष्ण कुमार से डेढ़ लाख लिए थे और अब 5.76 दे चुका हूं। अब आरोपी दो लाख के लिए दबाव बना रहा है। वहीं, फाइनेंसर ओमप्रकाश दहिया से 3.80 लाख लिए थे और 6.50 लाख दे चुका हूं। तीन लाख रुपये और मांग रहा है। इसी तरह फाइनेंसर नवीन दोहड़ से 40 हजार लिए और 1.66 लाख रुपये दे चुका हूं और डेढ़ लाख रुपये और मांग रहा है। फाइनेंसर बबली से 2.90 लाख रुपये लिए थे और 3.50 लाख रुपये दे चुका हूं अभी दो लाख रुपये और मांग रहा है। फाइनेंसर सुरेंद्र हुडडा से चार लाख रुपये लिए थे और अब 14.70 लाख रुपये दे चुका हूं अब डेढ़ लाख की और मांग रहा है।