रोहतक। थाना पीजीआईएमएस क्षेत्र में इको कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठा युवक सड़क पर गिर गया और कार ने उसे कुचल दिया।
घायलों को पीजीआईएमएस में भर्ती कराया, जहां पर एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया और चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मृतक और घायल दोनों पीजीआईएमएस में बतौर बेरर (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) तैनात थे, सुबह डयूटी के लिए पीजीआई जा रहे थे।
पीजीआईएमएस थाना प्रभारी रोशन लाल ने बताया कि रोहतक के पाड़ा मोहल्ला निवासी नवीन कुमार और बसंतपुर निवासी राकेश दोनों एक ही बाइक से पीजीआई जा रहे थे। मेडिकल मोड़ पर पीछे से आई इको वैन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे पीछे बैठे नवीन कुमार सड़क पर गिर गए और इको ने कुचल दिया। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया। जहां पर नवीन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। राकेश को ज्यादा चोट नहीं आई थी, लेकिन अभी वह उपचाराधीन है। राकेश की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी और कार दोनों की तलाश की जा रही है।न