रोहतक। प्रदेश सरकार की ओर से ओवर बजट के नाम पर सैकड़ों शिक्षकों का वेतन रोकने या कैप लगाए जाने पर स्कूल कैडर लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा (सलाह) ने कड़ी आपत्ति जताई है। सलाह के प्रदेश अध्यक्ष गुरदीप सैनी, कार्यकारी प्रधान अशोक शर्मा व प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेंद्र मलिक ने कहा कि ओवर बजट दिखाकर पर शिक्षकों के वेतन बिल रोकने का मामला पहली बार देखने में आया है। हालांकि विभाग की ओर से वेतन की अपेक्षा अन्य कार्यों संबंधी बजट पर रोकना आम तौर पर देखने में आया है। सलाह पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षकों के वेतन बिल बार-बार भेजने के बाद रोका जाना न्याय संगत नहीं है। उन्होंने ने बताया कि ओवर बजट दिखाकर वेतन पर रोक लगाने के बारे में शिक्षा विभाग के स्थानीय अधिकारी या वित्त विभाग के अधिकारी भी कोई उचित जवाब नहीं दे पा रहे। विभाग के उक्त रवैये से शिक्षकों में रोष बढ़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में शिक्षक वर्ग का वेतन जल्द जारी नहीं किया गया तो सलाह का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द से जल्द वित्त व शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से मिलकर मांग पत्र देगा जिससे वेतन रिलीज हो सके।